सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर ,बांका (बिहार)
शंभूगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो एनबीडब्ल्यू वारंटी व शराब कांड का अभियुक्त गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
बांका शंभूगंज थाना पुलिस ने फरार वारंटियों और आपराधिक मामलों के आरोपितों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो एनबीडब्ल्यू (गैर-जमानती वारंट) वारंटियों एवं एक शराब कांड के अभियुक्त को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में बांका न्यायालय भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इटावा गांव में छापेमारी कर गैर-जमानती वारंट के दो फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार वारंटियों की पहचान चतूरी चौधरी के पुत्र विट्टू चौधरी तथा बैचन चौधरी के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध न्यायालय में मामला लंबित था और लंबे समय से फरार रहने के कारण अदालत द्वारा उनके खिलाफ एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किया गया था। गुप्त सूचना मिली कि दोनों अपने घर पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इटावा गांव में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में बरौथा गांव निवासी सुभाष चंद्र यादव के पुत्र मनोज यादव को शराब बरामदगी मामले में गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि लगभग एक माह पूर्व शंभूगंज थाना कांड संख्या 177/26 के तहत वाहन जांच के दौरान बरौथा गांव में एक चारपहिया वाहन से शराब बरामद की गई थी। उस समय पुलिस ने नरौन गांव निवासी नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मनोज यादव पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि तीनों आरोपितों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस अभिरक्षा में रविवार को न्यायिक हिरासत में बांका न्यायालय भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि फरार वारंटियों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए थाना क्षेत्र में विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.png)




