सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका (बिहार)
जनार्दन मांझी की पुण्यतिथि पर छलके जज्बात, फूट-फूट कर रो पड़े जदयू अध्यक्ष बालेश्वर गांधी
बांका जिले के अमरपुर के पूर्व दिवंगत विधायक स्वर्गीय जनार्दन मांझी की पांचवीं पुण्यतिथि सोमवार को शंभूगंज स्थित जदयू कार्यालय में श्रद्धा और भावनाओं के माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जदयू नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान दिवंगत विधायक के व्यक्तित्व एवं जनसेवा को याद करते हुए कई कार्यकर्ताओं की आंखें नम हो गईं।
सबसे भावुक क्षण तब आया जब प्रखंड जदयू अध्यक्ष बालेश्वर गांधी श्रद्धांजलि अर्पित करते समय फूट-फूट कर रो पड़े। उनकी आंखों से बहते आंसुओं ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। रोते हुए उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जनार्दन मांझी उनके लिए केवल नेता नहीं, बल्कि पिता तुल्य अभिभावक थे। उन्होंने कहा, मैं जब भी किसी काम या विकास से जुड़ी मांग लेकर उनके पास जाता था, वे कभी मुझे खाली हाथ नहीं लौटाते थे। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और अपनापन आज भी याद आता है। उनकी कमी जीवनभर महसूस होती रहेगी।
बालेश्वर गांधी को इस तरह दहाड़ मार कर रोते बिलखते देख जदयू नेता दिनेश मंडल और नवल मंडल ने उन्हें संभाला तथा ढांढस बंधाया। बाद में उन्हें विद्यार्थी पुस्तक भंडार ले जाकर शांत कराया गया।
जिला जदयू उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि स्वर्गीय जनार्दन मांझी केवल शंभूगंज ही नहीं, बल्कि पूरे अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। उनका सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यक्तित्व और कार्यकर्ताओं को परिवार की तरह सम्मान देने की शैली उन्हें अन्य नेताओं से अलग बनाती थी। उन्होंने कहा कि जनार्दन मांझी लोगों के दिलों पर राज करते थे और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी।
श्रद्धांजलि सभा में इंद्रजीत राम, अजय कुमार, दिनेश मंडल, नवल मंडल सहित पांच दर्जन से अधिक जदयू कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत नेता को विनम्र श्रद्धांजलि दी। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, सम्मान और भावुकता का माहौल बना रहा।
.png)





