प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका (बिहार)
दो चिताओं को देख रो पड़ा धर्मराय गांव के ग्रामीण, ,गोलीमार कर दो युवक की हत्या से दहला इलाका
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत गरीबपुर पंचायत के धर्मराय गांव में दो युवकों की निर्मम हत्या के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। शनिवार को रतनपुर मकदूमा पंचायत के बलिया संथाली टोला के समीप अपराधियों द्वारा गोली मारकर की गई दोहरी हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। घटना के दूसरे दिन भी गांव की गलियां सूनी रहीं और कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला। हर ओर केवल सिसकियां, आंसू और गम का माहौल देखने को मिला।
मृतकों की पहचान धर्मराय गांव निवासी अर्जुन सिंह के 35 वर्षीय पुत्र गुंजन सिंह तथा जगदीश सिंह के 36 वर्षीय पुत्र सिट्टू सिंह के रूप में हुई है। रविवार की अहले सुबह पोस्टमार्टम के बाद दोनों का शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। गुंजन सिंह के वृद्ध पिता अर्जुन सिंह, मां कुसुमलता देवी तथा सिट्टू सिंह की पत्नी संजु देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। महिलाओं के विलाप से गांव का वातावरण बेहद मार्मिक हो उठा।
घटना की सूचना पर पुलिस मृतकों के घर पहुंची और गुंजन सिंह की बहन बीणा देवी का फर्द बयान दर्ज किया। उन्होंने गोरगम्मा पंचायत के अठमाहा गांव निवासी सचिन सिंह सहित अन्य लोगों पर सुनियोजित साजिश के तहत दोनों युवकों की हत्या कराने का आरोप लगाया। बीणा देवी ने बताया कि सचिन सिंह पहले भी उनके भाई को लगातार जान से मारने की धमकी देता था।
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुखिया कैलाश दूबे, वर्तमान मुखिया नरोत्तम तिवारी, धीरेन्द्र शेखर भारती, मोहन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचे। सभी ने पीड़ित परिवारों को सांत्वना देते हुए प्रशासन से हत्याकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर सजा की मांग की।
पुलिस ने बताया कि मृतक की बहन के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार गुंजन सिंह के बड़े भाई, पत्नी और बच्चे बाहर रहने के कारण उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा, जबकि सिट्टू सिंह का अंतिम संस्कार सोमवार को कर दिया गया। गांव में पसरा सन्नाटा इस दर्दनाक घटना की भयावहता को बयां कर रहा है और ग्रामीण अब दोषियों को जल्द सजा मिलने की मांग कर रहे हैं।
.png)




