सुबोध सिंह ,क्राइम रिपोर्टर ,बांका (बिहार)
अपराध नियंत्रण पर सख्त हुए एसपी, हत्या-लूट के मामलों में त्वरित अनुसंधान के दिए निर्देश
बांका समाहरणालय सभागार में सोमवार को पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने हत्या, लूट एवं महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेते हुए इन मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से असामाजिक एवं अपराधी तत्वों के विरुद्ध सीसीए प्रस्ताव, गुंडा प्रस्ताव तथा अन्य निरोधात्मक कार्रवाई लगातार संचालित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सक्रिय अपराधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में आगामी श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने मेला अवधि में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।
बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, साइबर पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक, सभी थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि जिले में सुरक्षित वातावरण बनाए रखना, अपराध पर प्रभावी प्रहार करना तथा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता है।
.png)




