Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : खेत में मोटर देखने गया था किसान, बिजली करंट लगने से हुई मौत ,मचा कोहराम

 प्रीतम सुमन, ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका (बिहार)

खेत में मोटर देखने गया किसान बिजली की चपेट में आया, दर्दनाक मौत से गांव में मातम

बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के महौता गांव स्थित केतका बहियार में सोमवार की संध्या एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय युवक की विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान महौता गांव निवासी उमेश शर्मा के 38 वर्षीय पुत्र अंजीव शर्मा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अंजीव शर्मा सोमवार की शाम खेत में चल रहे मोटर को देखने के लिए केतका बहियार गए थे। इसी दौरान वे अचानक विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।

मृतक के चाचा अवध किशोर शर्मा ने बताया कि खेतों में काम कर रहे किसानों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद परिवार के लोग बहियार पहुंचे और बिजली की आपूर्ति बंद कर युवक को तार से अलग किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना की पुलिस सहायक अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम झा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने बताया कि अंजीव शर्मा बेहद मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के व्यक्ति थे। वे खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। अपने पीछे वे पत्नी भवानी देवी, वृद्ध मां अंशीला देवी, 14 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी तथा 12 वर्षीय पुत्र मोहित कुमार को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव की आंखें नम हैं। घटना के बाद महौता गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |