प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका (बिहार)
बकरी को लेकर विवाद में मां-बेटी समेत वृद्ध ससुर की पिटाई, चार घायल
बांका अमरपुर शहर के वार्ड संख्या 11 स्थित विदनचक मोहल्ले में बकरी को लेकर हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में मां-बेटी समेत एक वृद्ध व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया।
घायलों में रामविलास ठाकुर की पत्नी मीना देवी, उनकी पुत्रियां नूतन कुमारी एवं कल्पना कुमारी तथा वृद्ध किरण ठाकुर शामिल हैं। अस्पताल में उपचाररत मीना देवी ने बताया कि पड़ोसी नेपाली साह की बकरी अक्सर उनके घर में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाती थी। इस पर उन्होंने बकरी को बांधकर रखने की सलाह दी, जिससे नाराज होकर नेपाली साह गाली-गलौज करने लगा।
विरोध करने पर आरोप है कि नेपाली साह, राजा कुमार तथा उनके अन्य परिजनों ने लाठी-डंडे से हमला कर मीना देवी को घायल कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे वृद्ध किरण ठाकुर और दोनों पुत्रियों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे भी जख्मी हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़िता मीना देवी ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत अमरपुर थाना में देने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
.png)



