सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर ,बांका (बिहार)
प्रताड़ना का विरोध करने पर विवाहिता को घर से निकाला, पति व सास पर मारपीट का आरोप
बांका शंभूगंज थाना क्षेत्र के भट्ठाचक मझघाय गांव में एक विवाहिता को कथित रूप से प्रताड़ित कर मारपीट करने और घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। पीड़िता पूजा देवी ने अपने पति और सास के विरुद्ध शंभूगंज थाना में लिखित शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गुरुवार को पूजा देवी अपनी मां के साथ शंभूगंज थाना पहुंचीं और पुलिस को आवेदन सौंपकर बताया कि उनके पति बलबीर तांती एवं सास रामदुलारी देवी लंबे समय से उन्हें विभिन्न आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने प्रताड़ना का विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट करते हुए घर से बाहर निकाल दिया गया। इतना ही नहीं, दोबारा घर लौटने पर जान से मार देने की धमकी भी दी गई।
पूजा देवी ने बताया कि उनके दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। घटना के बाद वह अपने बच्चों की सुरक्षा और भविष्य को लेकर काफी चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं, आरोपित पति बलबीर तांती ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें बदनाम करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने किसी प्रकार की मारपीट या धमकी देने के आरोप से इनकार किया है।
इधर, शंभूगंज थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटनाक्रम की सत्यता की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
.png)




