सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका (बिहार)
पुल के संपर्क पथ निर्माण के दौरान विवाद, पेटी कॉन्ट्रैक्टर से मारपीट व जेसीबी पर पथराव का आरोप
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के चौतरा गांव स्थित लोहागढ़ नदी पर बन रहे पुल के संपर्क पथ निर्माण के दौरान विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने निर्माण कार्य में लगे पेटी कॉन्ट्रैक्टर सुबोध यादव के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जेसीबी मशीन पर पथराव कर उसे मामूली रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने शंभूगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, चौतरा गांव के समीप लोहागढ़ नदी पर चौपटिया कंस्ट्रक्शन द्वारा लगभग 77 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया गया है। पुल निर्माण पूरा होने के बाद उससे जुड़े संपर्क पथ का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर गांव के मोती यादव एवं अन्य लोगों के साथ विवाद हो गया।
पीड़ित पेटी कॉन्ट्रैक्टर सुबोध यादव ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान मोती यादव सहित तीन लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और निर्माण कार्य में लगी जेसीबी मशीन पर पथराव कर दिया। पथराव से जेसीबी को मामूली क्षति पहुंची। घटना के बाद कुछ समय के लिए निर्माण कार्य भी बाधित हो गया। इसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर मोती यादव सहित तीन लोगों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, आरोपित मोती यादव ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है और उन्होंने किसी प्रकार की मारपीट या पथराव नहीं किया।
इधर, शंभूगंज थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों की बात सुनी जा रही है। प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
.png)




