Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

स्कूल में गुंडागर्दी, कक्षा में घुसकर इंटर के छात्र से मारपीट, जान से मारने की धमकी

सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका (बिहार);

स्कूल में दिनदहाड़े गुंडागर्दी! कक्षा में घुसकर इंटर के छात्र से मारपीट, जान से मारने की धमकी से मचा हड़कंप

बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड स्थित द्वारिका अमृत अशरफी उच्च विद्यालय प्लस-टू में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो अज्ञात युवक दिनदहाड़े विद्यालय परिसर में घुस गए और इंटर के एक छात्र के साथ कक्षा में घुसकर मारपीट की। घटना से विद्यालय में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के बीच दहशत फैल गई, जबकि आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर लंच के दौरान अधिकांश शिक्षक एवं छात्र भोजनावकाश में व्यस्त थे। इसी दौरान दो युवक विद्यालय परिसर में दाखिल हुए। आरोप है कि पहले उन्होंने परिसर में लगे बिजली के बोर्ड से फ्यूज निकालकर मिर्जापुर निवासी इंटर के छात्र लव कुश कुमार (पिता- अरविंद यादव) की ओर फेंक दिया, जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गया। छात्र द्वारा इसका विरोध करने पर दोनों युवक सीधे कक्षा में घुस गए और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इतना ही नहीं, जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के बाद विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्र-छात्राओं में भय व्याप्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक हुई घटना से शिक्षक भी घबरा गए और सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय तक कार्यालय कक्ष में ही रहे। आरोपितों के विद्यालय से निकल जाने के बाद ही शिक्षक बाहर आए और छात्रों से पूरी घटना की जानकारी ली।

घायल छात्र लव कुश कुमार ने शंभूगंज थाना पहुंचकर केहनीचक गांव के अज्ञात युवकों के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। छात्रों का कहना है कि मारपीट करने वाले युवकों में से एक कुछ माह पूर्व जेल भी जा चुका है। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक बादल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो अज्ञात युवक विद्यालय में घुसकर छात्र के साथ मारपीट कर फरार हो गए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर की पर्याप्त घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण इस प्रकार की घटना संभव हुई। मामले की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इधर, शंभूगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि छात्र की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। विद्यालय में हुई इस घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |