सूरजकांत ब्यूरो रिपोर्ट ,पटना (बिहार)
अपराध छोड़ो, बिहार छोड़ो या श्मशान जाने को तैयार रहो,मुख्यमंत्री का अपराधियों को सख्त संदेश
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए अपराधियों को दो टूक चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में विधि का शासन हर हाल में स्थापित किया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधियों के पास अब केवल दो ही रास्ते हैं या तो अपराध और बिहार छोड़ दें या फिर श्मशान जाने के लिए तैयार रहें।
बोधगया में आयोजित नए आपराधिक विधियों पर दो दिवसीय राज्य-स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और यह अभियान आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अपराध करने वालों को हर हाल में सजा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन अदालतों के गठन से गंभीर आपराधिक मामलों का शीघ्र निपटारा होगा और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सकेगा। साथ ही न्यायालय और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए प्रत्येक तीन महीने पर समीक्षा बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी जाति, धर्म या वर्ग के अपराधी के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के 48 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपराध नियंत्रण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में लागू नई आपराधिक विधियों का मुख्य उद्देश्य पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना और न्याय व्यवस्था को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाना है। उन्होंने अधिकारियों से इन कानूनों का सख्ती से पालन कराने का आह्वान किया। सरकार का दावा है कि त्वरित न्याय, कड़ी पुलिस कार्रवाई और नई न्यायिक व्यवस्था के जरिए बिहार में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।
.png)





