Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : घर में चोरी कर रात डेढ़ बजे हथियार लहराते हुए भागे चार नकाबपोश बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका ,बिहार

गदाल गांव में लाखों की चोरी, नकदी समेत सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हुए चोर

रात डेढ़ बजे हथियार लहराते हुए भागे चार नकाबपोश बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के गदाल पंचायत अंतर्गत यादव टोला में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब एक लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात की चोरी कर ली। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ित गृहस्वामी पुलिस यादव ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने नवनिर्मित मकान में सो रहे थे। रात करीब 1:30 बजे उनका पुत्र राहुल कुमार शौच के लिए उठा। इसी दौरान उसने देखा कि चार युवक मुंह पर गमछा बांधे और हथियार लहराते हुए घर से बाहर निकल रहे हैं। राहुल के शोर मचाने पर बदमाश उसे धमकी देते हुए बहियार की ओर फरार हो गए। अंधेरा होने के कारण परिवार के सदस्य किसी भी बदमाश की पहचान नहीं कर सके।

घर की तलाशी लेने पर पता चला कि चोर बक्से में रखे करीब एक लाख रुपये नकद, तीन महिलाओं के लगभग 50 भर चांदी के आभूषण तथा करीब दो भर सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। शनिवार सुबह घर से लगभग 200 मीटर दूर झरना पोखर के समीप टूटा हुआ बक्सा बरामद हुआ, जबकि उसमें रखा सारा कीमती सामान गायब था।

घटना की सूचना मिलने पर सहायक अवर निरीक्षक बसंत कुमार पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |