सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका ,बिहार
शंभूगंज के नए बीडीओ प्रभात केसरी ने संभाला कार्यभार, विकास और पारदर्शिता को बताया प्राथमिकता
बांका शंभूगंज प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को नए प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात केसरी ने विधिवत योगदान देकर पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर अमरपुर के बीडीओ प्रभात रंजन भी उनके साथ मौजूद रहे। प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बुके भेंट कर नए बीडीओ का गर्मजोशी से स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण करने के दौरान प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी, नाजिर, लिपिक समेत अन्य कर्मियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और प्रखंड की प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। नए बीडीओ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।
पदभार संभालने के बाद बीडीओ प्रभात केसरी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शंभूगंज प्रखंड की सभी 19 पंचायतों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी होगी। विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि शंभूगंज प्रखंड विकास के क्षेत्र में जिले में अपनी अलग पहचान बना सके।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और कार्यालय में बेहतर कार्य संस्कृति स्थापित करने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद बीडीओ प्रभात केसरी शंभूगंज प्रखंड के प्रसिद्ध तिलडिहा दुर्गा मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता की भी जानकारी प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि पूर्व बीडीओ नीतीश कुमार के स्थानांतरण के बाद प्रभात केसरी को शंभूगंज प्रखंड का नया प्रखंड विकास पदाधिकारी बनाया गया है। उनके आगमन से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
.png)






