Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : विद्यालय में घुसा कटखना बंदर, छात्रा घायल; ग्रामीणों में फिर दहशत

 प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

विद्यालय में घुसा कटखना बंदर, छात्रा घायल; ग्रामीणों में फिर दहशत

बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के महौता गांव में एक बार फिर कटखने बंदर का आतंक लौट आया है। मंगलवार को बंदर प्रोन्नत मध्य विद्यालय परिसर में घुस गया, जिससे छात्र-छात्राओं के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान बंदर ने छठी कक्षा की 12 वर्षीय छात्रा बीणा कुमारी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल छात्रा महौता निवासी संजय मंडल की पुत्री है।

घटना के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक रजनीश कुमार, शिक्षक विपुल यादव तथा समाजसेवी मृत्युंजय शर्मा छात्रा को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। घटना से भयभीत छात्र-छात्राएं विद्यालय छोड़कर अपने-अपने घर लौट गए।

समाजसेवी सह भाजपा नेता मृत्युंजय शर्मा ने बताया कि करीब दो माह पूर्व भी इसी कटखने बंदर ने गांव के दर्जनों लोगों को घायल कर दिया था। ग्रामीणों की मांग पर वन विभाग की टीम ने उस समय बंदर का रेस्क्यू कर उसे अपने साथ ले गई थी। अब दोबारा उसके लौट आने से गांव में भय का माहौल है। ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं और स्वयं भी घरों से निकलने में हिचक रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर वन विभाग की टीम भेजने तथा कटखने बंदर का शीघ्र रेस्क्यू कराने की मांग की है, ताकि गांव में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |