प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका ,बिहार
जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, महिला समेत पांच घायल; दो की हालत गंभीर
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के दौना गांव में जमीन विवाद को लेकर शनिवार को दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को परिजनों की सहायता से अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. दिवाकर सिंह ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल मु. कादीर और उनके पुत्र मु. बारीक की स्थिति चिंताजनक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों में प्रथम पक्ष के मु. कादीर, उनकी पत्नी बीबी शहनाज और पुत्र मु. बारीक, जबकि दूसरे पक्ष के मु. जिबराईल उर्फ जिब्बो एवं बीबी शहनवाज शामिल हैं।
अस्पताल में इलाजरत मु. कादीर ने बताया कि उनके और मु. जिबराईल के बीच घर की दीवार पर प्लास्टर कराने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि पंचायत ने दोनों पक्षों को पहले जमीन छोड़कर फिर दीवार पर प्लास्टर कराने की सलाह दी थी। आरोप है कि शनिवार को विपक्षी पक्ष बिना जमीन छोड़े जबरन प्लास्टर कराने लगा। विरोध करने पर मु. जिबराईल, मु. इरसाद, मु. अरसद, मु. इब्राहीम समेत अन्य लोगों ने लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पुत्र और पत्नी के साथ भी मारपीट की गई।
वहीं दूसरे पक्ष के मु. जिबराईल ने आरोप लगाया कि मु. कादीर और उनके परिजनों ने पहले गाली-गलौज की तथा विरोध करने पर लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्षों ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
.png)




