प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट, बांका ,बिहार
अमरपुर थाना पहुंचे एसपी अमितेश कुमार, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए सख्त निर्देश
बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने शनिवार को अमरपुर थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वर्षों से लंबित पड़े आपराधिक मामलों की गहन समीक्षा की और संबंधित अनुसंधानकर्ताओं से प्रत्येक केस की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। कई घंटों तक थाना परिसर में मौजूद रहकर एसपी ने लंबित कांडों के निष्पादन की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया तथा सभी अनुसंधानकर्ताओं को युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष राकेश कुमार को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिवा गश्ती एवं रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने 'रोको-टोको अभियान' को नियमित रूप से चलाने, अवैध खनन के विरुद्ध लगातार छापेमारी करने तथा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देते हुए उनके विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी लंबित मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि अमरपुर थाना को उनके द्वारा गोद लिया गया है, इसलिए थाना की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि आम लोगों को शीघ्र न्याय मिल सके।
इस अवसर पर एसआई मुकेश कुमार, एसआई पंकज मांझी, पुरुषोत्तम झा, निती कुमारी सहित अमरपुर थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
.png)



