Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : विधान पार्षद ने पुलिया का किया उदघाटन, ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत

सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

झखरा में 14.98 लाख की लागत से बनी पुलिया का उद्घाटन, ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत

शंभूगंज प्रखंड के झखरा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप छोटी बरलानी नदी पर मुख्यमंत्री ग्रामीण निर्माण कार्य योजना के तहत निर्मित पुलिया का उद्घाटन सोमवार को भागलपुर-बांका क्षेत्र के विधान पार्षद विजय कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। लगभग 14.98 लाख रुपये की लागत से तैयार इस पुलिया के चालू होने से झखरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधान पार्षद विजय कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण निर्माण कार्य योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल एवं पुल-पुलिया का तेजी से निर्माण कराया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य गांवों को बेहतर संपर्क मार्ग उपलब्ध कराकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत संरचना किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की पहली शर्त होती है। बेहतर सड़क और पुल बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार समेत सभी क्षेत्रों को गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनहित से जुड़ी सभी विकास योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है। ग्रामीणों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार नई योजनाओं को स्वीकृति दी जा रही है, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

इस अवसर पर झखरा पंचायत की मुखिया अंजिला देवी, जदयू जिलाध्यक्ष अमरेन्द्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पुलिया निर्माण को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में छोटी बरलानी नदी के कारण लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्कूली बच्चों, किसानों और आम नागरिकों को विशेष परेशानी होती थी। अब पुलिया के निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि ग्रामीणों का समय और श्रम भी बचेगा। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में इसी प्रकार विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे, जिससे गांवों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलेंगी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |