कुणाल शेखर ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर बिहार
74 वर्षों में पहली बार भागलपुर टाउन हॉल में होगा स्नातक मतदाता संवाद, 30 अगस्त को रजनीश रंजन से सीधे पूछेंगे सवाल
कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में एमएलसी प्रत्याशी रजनीश रंजन ने 30 अगस्त को भागलपुर टाउन हॉल में आयोजित होने वाले स्नातक मतदाता सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का ऐलान करते हुए इसे ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने दावा किया कि भागलपुर टाउन हॉल के 74 वर्षों के इतिहास में पहली बार स्नातक मतदाताओं के लिए इस तरह का खुला संवाद आयोजित किया जा रहा है, जहां स्नातक मतदाता सीधे मंच से अपने सवाल रखेंगे और प्रत्याशी उनका जवाब देंगे।
भागलपुर के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में रजनीश रंजन ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि स्नातक समाज की अपेक्षाओं, समस्याओं और सुझावों को सुनने का एक लोकतांत्रिक मंच होगा। उन्होंने बताया कि उनकी टीम कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी जिलों के प्रखंडों और पंचायतों में पहुंचकर स्नातक मतदाताओं से संपर्क कर रही है तथा उन्हें व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि हजारों स्नातक मतदाताओं की उपस्थिति इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान रजनीश रंजन ने वर्तमान एमएलसी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अब तक स्नातकों, शिक्षकों और शिक्षित युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में नियमित शैक्षणिक सत्र, समय पर परीक्षा एवं परिणाम, बढ़ती बेरोजगारी, वित्त रहित शिक्षकों की समस्याएं और उच्च शिक्षा की बदहाल व्यवस्था जैसे मुद्दों पर प्रभावी पहल की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जनता का समर्थन मिलता है तो वे विधान परिषद में स्नातकों, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, चिकित्सकों और शिक्षित युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। साथ ही प्रत्येक जिला मुख्यालय में स्नातक सहायता केंद्र स्थापित करने, युवाओं को करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा रोजगार संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
रजनीश रंजन ने सभी स्नातक मतदाताओं से 30 अगस्त को भागलपुर टाउन हॉल में आयोजित स्नातक मतदाता सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन स्नातक समाज की एकजुटता को नई दिशा देगा और उनके अधिकारों की आवाज को और अधिक मजबूत बनाएगा।
.png)



