सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
शंभूगंज पुलिस की कार्रवाई: दो एनबीडब्ल्यू वारंटी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
शंभूगंज थाना पुलिस ने फरार चल रहे दो एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में बांका न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई शुक्रवार को थाना क्षेत्र के महथुडीह गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
गिरफ्तार वारंटियों की पहचान महथुडीह गांव निवासी मो. ऐनुल, पिता स्वर्गीय मो. खलील तथा मो. मुर्शीद, पिता मो. ऐनुल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय में मामला लंबित था और वे काफी समय से फरार चल रहे थे। लगातार न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण उनके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दोनों वारंटी अपने घर पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महथुडीह गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दोनों आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें थाना लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपितों का पहले मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा में उन्हें न्यायिक हिरासत के लिए बांका न्यायालय भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन के लिए थाना क्षेत्र में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। फरार वारंटियों और अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सक्रिय है तथा ऐसे लोगों के विरुद्ध आगे भी सघन छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
.png)




