सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर ,बांका, बिहार
प्रसव मरीजों को रेफर करने पर सख्ती, सीएस की कार्रवाई के बाद शंभूगंज सीएचसी अलर्ट
बांका जिले में प्रसव मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर किए जाने के मामलों को लेकर सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा की गई सख्त कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी अस्पतालों में हड़कंप मच गया है।
इस कार्रवाई का असर शंभूगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भी साफ दिखाई दे रहा है। यहां के चिकित्सक, एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मी पूरी तरह सतर्क हो गए हैं और प्रसव सेवाओं को लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय शर्मा एवं स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार पंकज ने सभी चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों एवं एएनएम की बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रसव मरीज को बिना ठोस चिकित्सकीय कारण के रेफर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेफर करने से पहले मरीज की पूरी चिकित्सकीय जांच की जाएगी। प्रशिक्षित एएनएम और चिकित्सक संयुक्त रूप से मरीज की स्थिति का आकलन करेंगे। केवल गंभीर एवं विशेष परिस्थितियों में ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मरीज को रेफर किया जाएगा।
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिया कि यदि किसी मरीज को रेफर करना अपरिहार्य हो, तो उसे किसी भी निजी क्लीनिक में नहीं भेजा जाएगा। सभी प्रसव मरीजों को केवल बांका सदर अस्पताल अथवा अनुमंडलीय अस्पताल ही भेजा जाए, ताकि उन्हें सरकार की ओर से उपलब्ध सभी स्वास्थ्य सुविधाओं का निःशुल्क लाभ मिल सके।
बैठक में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर भी विशेष चर्चा हुई। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई आशा कार्यकर्ता या अन्य व्यक्ति प्रसव मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी क्लीनिक में भेजने का प्रयास करता है और इसकी पुष्टि होती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की जांच कर संबंधित आशा कार्यकर्ता को चयनमुक्त करने की अनुशंसा भी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि अनावश्यक रेफरल पर रोक लगाने और सरकारी अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी। साथ ही गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा लाभ मिल सकेगा।
अधिकारियों ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सरकार के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करने का निर्देश दिया।
.png)







