Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : हलवाई दुकान में दर्दनाक हादसा, खौलती चाशनी में गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत

 सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर ,बांका ,बिहार

राजावर की हलवाई दुकान में दर्दनाक हादसा: खौलती चाशनी में गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत, जांच की मांग

बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के राजावर चौक स्थित एक हलवाई की दुकान में हुए दर्दनाक हादसे में 11 वर्षीय बालक शुभम कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा है। मृतक धोरैया प्रखंड के बड़ेरी गांव निवासी सिंटू मंडल का बड़ा पुत्र था। वह अपने नाना पप्पू शर्मा के घर रजौन प्रखंड के बखड्डा गांव में रहकर 'राकेश बाल विकास केंद्र' में तीसरी कक्षा का छात्र था।

मृतक के पिता सिंटू मंडल ने बताया कि शुभम अपनी मां और मामा के साथ दवा लेने राजावर गया था। दवा खरीदने के बाद उसका मामा उसे नाश्ता कराने के लिए राजावर चौक स्थित अमन साह की मिठाई दुकान पर ले गया। पिता का आरोप है कि दुकान पर कुछ लोग आपस में विवाद कर रहे थे। इसी दौरान छनौटे से खौलती चाशनी या तेल के छींटे शुभम पर पड़े, जिससे वह असंतुलित होकर खौलती चाशनी से भरी कढ़ाही में जा गिरा। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद होटल संचालक और वहां मौजूद लोगों ने बच्चे की मदद करने के बजाय उन्हें ही उसे उठाकर ले जाने को कहा।

मृतक का फाइल फोटो

वहीं स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुभम दुकान के अंदर गड़े बांस को पकड़कर घूम रहा था। अचानक हाथ छूटने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खौलती चाशनी की कढ़ाही में गिर गया। 

बताया जाता है कि उसके मामा मिथुन शर्मा ने तुरंत कढ़ाही से निकालकर उसे रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां करीब तीन घंटे चले इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद से मिठाई दुकान संचालक अमन साह दुकान बंद कर फरार बताया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। 

इधर रजौन थानाध्यक्ष महेश कुमार ने कहा कि अभी तक उन्हें इस संबंध में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होने पर मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |