कुणाल शेखर ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर ( बिहार )
बिल्डर बजरंगी नीलकंठ हत्याकांड का खुलासा करने का पुलिस का दावा, कथित प्रेमिका गिरफ्तार
भागलपुर के चर्चित बिल्डर बजरंगी नीलकंठ हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का पुलिस ने दावा किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मामले में मृतक की 26 वर्षीय कथित प्रेमिका सीमा कुमारी को पीरपैंती से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया।
एसएसपी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी महिला के बीच लंबे समय से संबंध थे। पूछताछ में महिला ने बताया कि घटना वाली रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद जब बजरंगी नीलकंठ सो गए, तब उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। पुलिस का दावा है कि गले और आंख पर वार कर उनकी हत्या की गई तथा शव को क्षत-विक्षत भी किया गया।
गौरतलब है कि दो जुलाई को तिलकामांझी थाना के समीप स्थित बिल्डर के कार्यालय का दरवाजा अंदर से बंद मिला था। मृतक की पत्नी द्वारा कई बार फोन करने पर भी जवाब नहीं मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर बिल्डर का शव बरामद हुआ।
घटनास्थल पर संघर्ष के निशान, बिखरा सामान और खून के धब्बों को साफ करने की कोशिश के संकेत मिलने पर पुलिस ने पांच सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था।
हालांकि पुलिस ने मामले के खुलासे का दावा किया है, लेकिन आरोपी पर लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच के आधार पर होगी। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है तथा सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
.png)





