सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
ससुराल में सो रहे दामाद पर धारदार हथियार व सरिया से हमला, गंभीर हालत में भागलपुर रेफर
शंभूगंज थाना क्षेत्र के जोगनी गांव में ससुराल आए एक दामाद पर गहरी नींद में सोते समय कथित रूप से ससुराल वालों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान शाहकुंड थाना क्षेत्र के किरणपुर गांव निवासी मु. मन्नू के रूप में हुई है। पीड़ित ने अपने ससुर मु. अब्दुल, साला मु. दिलसाद तथा अन्य लोगों के खिलाफ शंभूगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व उसकी शादी जोगनी गांव निवासी मु. खलील की पुत्री जैनब खातून से हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। उसका आरोप है कि उसकी पत्नी अक्सर मायके में ही रहना चाहती है। मुहर्रम के अवसर पर वह पत्नी और बच्चों को अपने साथ किरणपुर ले जाने के लिए ससुराल गया था, लेकिन पत्नी और ससुराल वालों ने साथ जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी भी हुई।
मन्नू के अनुसार, रात में भोजन करने के बाद वह ससुराल में सो गया। शनिवार की अहले सुबह करीब चार बजे गहरी नींद के दौरान उसके सिर पर लोहे की सरिया और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से वह बिस्तर से नीचे गिर पड़ा। शोर सुनकर पास में रहने वाली उसकी बहन और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा उसे इलाज के लिए शंभूगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सक डॉ. सौरभ ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व भी महथुडीह गांव में ससुराल पक्ष द्वारा दामाद की पिटाई का मामला सामने आया था, जिससे क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं को लेकर चर्चा बनी हुई है।
.png)




