प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, पति-पत्नी की पिटाई, दोनों जख्मी
बांका अमरपुर थाना क्षेत्र के कटहारा गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। घटना में एक दंपत्ति के साथ मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों का इलाज अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, जख्मी मंटु महतो ने बताया कि उनका आठ वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार पड़ोस में स्थित एक पेड़ से अमरूद तोड़ लिया था। इसी बात को लेकर पड़ोसी पियुष कुमार, उनकी मां सुनीता देवी तथा बहन नीतू कुमारी ने बच्चे के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बच्चे के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर मंटु महतो अपनी पत्नी आशा कुमारी के साथ मौके पर पहुंचे और पुत्र को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान तीनों आरोपियों ने दंपत्ति के साथ भी मारपीट कर दी। मारपीट में पति-पत्नी घायल हो गए, जिसके बाद परिजनों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। पीड़ित मंटु महतो ने बताया कि घटना को लेकर अमरपुर थाना में लिखित आवेदन दिया जाएगा, ताकि आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सके।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने भी बच्चों के छोटे-छोटे विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटनाओं से बचा जा सके।
.png)



