सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
डीएम अंशुल अग्रवाल एक्शन में, बेलहर अंचल व प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण; अनुपस्थित पदाधिकारी का वेतन कटा
बांका जिले में सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार और आम लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल शनिवार को एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने बेलहर अंचल कार्यालय एवं प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक पदाधिकारी के बिना सूचना अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति, लंबित मामलों के निष्पादन, अभिलेखों के रखरखाव तथा आम लोगों की शिकायतों के निपटारे की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद जिलाधिकारी ने बेलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। अस्पताल में उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण, साफ-सफाई, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर इलाज की व्यवस्था की जानकारी भी ली।
डीएम ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और नियमित चिकित्सीय सेवाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
.png)



