Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से महिला गंभीर, ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश

 प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर 

विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से महिला गंभीर, ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश

बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बिजली के पोल से टूटा विद्युत प्रवाहित तार एक महिला पर गिर गया। करंट की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई और बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

घायल महिला की पहचान सलेमपुर गांव निवासी अशोक पासवान की पत्नी साक्षी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार रात वह अपने घर के समीप टहल रही थीं। इसी दौरान बिजली के पोल से जुड़ा एक विद्युत प्रवाहित तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गया। करंट लगते ही वह मौके पर ही अचेत हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने स्थानीय लोगों की सहायता से महिला को तत्काल अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. रोहित कुमार चंचल ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सक ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंचाने के कारण महिला की जान बच गई और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कई स्थानों पर बिजली के तार वर्षों से जर्जर अवस्था में हैं। कई बार विभाग को इसकी जानकारी देने के बावजूद अब तक तारों को नहीं बदला गया है, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से पूरे गांव का सर्वे कर जर्जर एवं ढीले पड़े विद्युत तारों को अविलंब बदलने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |