सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
मकान निर्माण रोकने का विरोध करने पर महिला से मारपीट का आरोप, थाने में शिकायत
शंभूगंज थाना क्षेत्र के पौकरी गांव में मकान निर्माण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने गांव के दो लोगों पर दबंगई दिखाते हुए निर्माण कार्य रुकवाने तथा विरोध करने पर घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत शंभूगंज थाने में देकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता इंदु ठाकुर, पति अशोक ठाकुर, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रही थीं। इसी दौरान गांव के डब्लू ठाकुर और अमित ठाकुर वहां पहुंचे और कथित रूप से दबंगई दिखाते हुए निर्माण कार्य बंद करा दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों आरोपित उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की।
महिला ने बताया कि घटना के समय उनके पति अशोक ठाकुर मजदूरी करने के लिए बाहर गए हुए थे, जिसके कारण वह घर पर अकेली थीं। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर दोनों आरोपितों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद आसपास के लोगों के जुटने पर मामला शांत हुआ, जिसके बाद पीड़िता ने रविवार को शंभूगंज थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।
दूसरी ओर, आरोपित डब्लू ठाकुर और अमित ठाकुर ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें व्यक्तिगत रंजिश के कारण झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने किसी भी प्रकार की मारपीट या निर्माण कार्य रोकने के आरोप से इनकार किया है।
इधर, शंभूगंज थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है।
.png)




