Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : झोपड़ी में आग लगाने का आरोप, तीन लोगों के खिलाफ शिकायत, दूसरे पक्ष ने बताया साजिश

सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार

झोपड़ी में आग लगाने का आरोप, तीन लोगों के खिलाफ शिकायत, दूसरे पक्ष ने बताया साजिश

बांका शंभूगंज थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में एक झोपड़ी में आग लगने की घटना को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। पीड़ित पक्ष ने गांव के तीन लोगों पर जानबूझकर आग लगाकर झोपड़ी जलाने का आरोप लगाते हुए शंभूगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, आरोपितों ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे झूठा और साजिश करार दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

पंचू तांती एवं सुबोध तांती ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी जमीन पर एक झोपड़ी बनी हुई थी, जिसमें मवेशियों का चारा, भूसा तथा अन्य कृषि उपयोगी सामान रखा हुआ था। आरोप है कि शनिवार की रात गांव के ही सुधाकर कुमार, विवेकानंद उर्फ विवेक, विश्वजीत कुमार तथा यदुनंदन कुमार ने मिलकर झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे झोपड़ी और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, आरोपित पक्ष ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश में उन्हें फंसाने की नीयत से झोपड़ी में स्वयं आग लगाई गई और अब झूठा मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपितों ने इसे सुनियोजित षड्यंत्र बताया है। आरोपी पक्ष के लोगों का कहना है इसकी वैज्ञानिक तरीके से जांच हो तो दोषी खुद पकड़ में आ जाएंगे। पुलिस भी इस मामले को संदेश के घेरे में देख रही है।

घटना के बाद गांव में दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

शंभूगंज थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भूमि विवाद चल रहा था, जिसके कारण पूर्व में निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई थी। उन्होंने कहा कि झोपड़ी में आग लगने की घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दोषियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |