Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, हत्या का आरोप; पति हिरासत में

 कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर

विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, हत्या का आरोप; पति हिरासत में

भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र के संतनगर रजंदीपुर गांव में बीती रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पप्पू कुमार मंडल की पत्नी कंचन कुमारी (26) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची सबौर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए मृतका के पति पप्पू कुमार मंडल को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

मृतका के पिता सुनील मंडल, निवासी छोटी परवत्ता गांव (इस्माइलपुर थाना क्षेत्र), ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है, लेकिन जब वे मौके पर पहुंचे तो कंचन कुमारी का शव जमीन पर पड़ा मिला, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई।

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व कंचन कुमारी की शादी पप्पू कुमार मंडल से हुई थी और उनके एक बच्चा भी है। शुरुआती दौर में सब सामान्य था, लेकिन बाद में दांपत्य जीवन में विवाद की बातें सामने आने लगी थीं।

घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोग पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आने की बात कह रहे हैं।

थाना प्रभारी बिट्टू कमल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |