कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
आंधी से बचने के लिए शेड के नीचे रुके, उड़ती टीन ने ले ली जान
विक्रमशिला सेतु पर दर्दनाक हादसा, बेटे के सामने पिता की मौत; मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
भागलपुर जिले में तेज आंधी और बारिश ने बुधवार को विक्रमशिला सेतु पर एक परिवार की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। नवगछिया के सोनवर्षा निवासी 40 वर्षीय विनय कुमार ईश्वर की सेतु पर बने टीन शेड के उड़ जाने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने 13 वर्षीय बेटे लक्की के साथ शादी की खरीदारी कर घर लौट रहे थे। चार दिन बाद घर में शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को मातम में डुबो दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक मौसम खराब होने के बाद तेज बवंडर और बारिश शुरू हो गई। बचाव के लिए लोग पुल पर बने शेड की ओर भागे। विनय कुमार ने बेटे को सुरक्षित समझकर शेड के अंदर बैठाया और स्वयं बाहर खड़े हो गए। तभी तेज हवा के झोंके से पूरा शेड उखड़ गया और उसकी भारी टीन व लोहे का हिस्सा सीधे उनके सिर पर आ गिरा। गंभीर रूप से घायल विनय को लोगों ने मलबे से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
मृतक के बेटे लक्की ने बताया कि हादसे के बाद शेड के अंदर रखे इनवर्टर और बैटरी के कारण करंट जैसा भी महसूस हो रहा था। उसके पैर में भी चोट लगी। परिजनों का आरोप है कि घायल विनय को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। काफी देर तक वह पुल पर तड़पते रहे और सिर, नाक व कान से लगातार खून बहता रहा। बाद में ऑटो से मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से आक्रोशित परिजनों ने मायागंज अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस के मुख्य द्वार के सामने करीब दो घंटे तक सड़क जाम कर दिया। परिजन जिलाधिकारी को बुलाने और उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे। सूचना पर पहुंचे जगदीशपुर अंचलाधिकारी ने सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराने तथा शेड की गुणवत्ता, रखरखाव और राहत कार्य में हुई देरी की जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
इधर, तेज आंधी से विक्रमशिला सेतु के अन्य हिस्सों में भी नुकसान हुआ। जाह्नवी चौक की ओर बिजली आपूर्ति से जुड़ा पाइप और तार सड़क पर गिर गया। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल पाइप हटाकर यातायात बहाल कराया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सेतु पर लगे शेड और अन्य संरचनाओं की नियमित जांच व मजबूती सुनिश्चित करने की मांग की है।
.png)

