Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल का अमरपुर में भव्य स्वागत

प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल का अमरपुर में भव्य स्वागत, मुख्य पार्षद ने सौंपा आठ सूत्री ज्ञापन

बांका जिले के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री सह बांका प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल का रविवार को अमरपुर बस स्टैंड पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री को फूल-मालाओं से लादकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान मंत्री ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

स्वागत समारोह के दौरान अमरपुर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रीता साहा ने मंत्री को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपते हुए नगर विकास एवं राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। पहले ज्ञापन में बनहारा, अमरपुर, जाला एवं डुमरामा मौजा की कई जमीनों का वर्षों से लंबित परिमार्जन एवं दाखिल-खारिज का मामला उठाया गया। उन्होंने बताया कि इन जमीनों पर लोग वर्ष 1905 से पूर्व से बसे हुए हैं तथा पहले नियमित रूप से लगान रसीद भी कटती थी, लेकिन ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद दाखिल-खारिज की प्रक्रिया बाधित हो गई है। उन्होंने कुछ राजस्व कर्मियों पर रैयती भूमि को सरकारी बताकर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

दूसरे ज्ञापन में मुख्य पार्षद ने नगर पंचायत के समग्र विकास से जुड़ी आठ प्रमुख मांगें रखीं। इनमें आधुनिक स्टेडियम, बस एवं ऑटो स्टैंड, प्रमुख पोखरों का सौंदर्यीकरण, पार्क, ओपन जिम, वातानुकूलित टाउन हॉल, स्नातक महाविद्यालय, बंद पड़े कोल्ड स्टोरेज को पुनः चालू कराने, अमरपुर बाजार में जाम की समस्या के समाधान हेतु प्रस्तावित बाईपास सड़क निर्माण में तेजी तथा सुल्तानगंज-अमरपुर-बांका रेलखंड के विस्तार की मांग शामिल रही।

मंत्री दिलीप जायसवाल ने ज्ञापन प्राप्त कर सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर जनहित के मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

इस अवसर पर भाजपा नेता चंद्रभानु महतो, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि राजेश कुमार साह, प्रदीप कुमार गांग (सौंडिक), विनीत साह, शशांक कुमार, सौरभ दास, पुल्टे झा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |