सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
पंचायत विकास दिवस पर नशामुक्ति का संदेश, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने जन-आंदोलन बनाने का किया आह्वान
28 जून पंचायत विकास दिवस के अवसर पर रविवार को राज्य सरकार के मद्य निषेध एवं नशामुक्ति अभियान के तहत बांका जिले में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री सह बांका जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शराब और अन्य मादक पदार्थ केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाते, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पूर्ण शराबबंदी एवं नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
अभियान के तहत जिले की चिन्हित तीन पंचायतों में कला जत्था द्वारा नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों को जीवंत ढंग से दर्शाया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के दौरान कलाकारों ने लोगों से अपने परिवार और समाज को नशे की बुराइयों से बचाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज के निर्माण के लिए नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
जिला प्रशासन ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार मद्य निषेध एवं नशामुक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आगे भी विभिन्न पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज को नशे की लत से मुक्त कर स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सके।
.png)




