सुबोध सिंह APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
सेवा, समर्पण और मानवता का उत्सव :शंभूगंज के एसकेएम नर्सिंग कॉलेज दाढ़ी पकरिया में धूमधाम से मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस
बिहार के बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड के दाढ़ी पकरिया स्थित एसकेएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पारा मेडिकल में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षा एवं स्वास्थ्य जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा कर्मचारीगण उपस्थित रहे। समारोह का उद्देश्य नर्सिंग पेशे के महत्व, सेवा भावना और समाज के प्रति नर्सों के समर्पण को सम्मान देना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूगंज के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार शर्मा, हेल्थ मैनेजर अमित कुमार पंकज एवं बीएम एंड को नरेश राम थे। प्रशासनिक पदाधिकारी गोपाल सिंह ने बताया की कॉलेज प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों का बुके एवं शॉल देकर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों के माध्यम से नर्सिंग सेवा की महत्ता को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर रूबी कुमारी, विवेक रजक, साक्षी कुमारी, करीना कपूर, मुस्कान कुमारी, कुसुम कुमारी, अलका कुमारी, सुमन कुमारी, श्वेता कुमारी, आरती कुमारी, राजवीर सिंह राठौर, अदिति कुमारी, अंजलि कुमारी, संध्या कुमारी, रूचि कुमारी, लवली कुमारी और रिया कुमारी सहित कई छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. अजय कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। मरीजों की सेवा में उनका योगदान अतुलनीय और प्रेरणादायक होता है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि एसकेएम कॉलेज शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है तथा ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा भावना और मानवता के मूल्यों को अपनाकर समाज की सेवा करने का आह्वान किया।
संस्थान के निदेशक मानवेन्द्र कुमार गौतम ने अपने संदेश में कहा कि कॉलेज छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में संस्थान में आधुनिक सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राएं स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रशासनिक पदाधिकारी गोपाल सिंह, कर्मी अमरेन्द्र कुमार, नर्सिंग ट्यूटर अर्चना कुमारी, सोनम भारती, आरती, मनीषा, रिशु कुमार सहित बीएड संकाय के प्राचार्य, व्याख्याता एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। पूरे समारोह में उत्साह, उमंग और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।
.png)




