प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
वट सावित्री पूजा के दौरान करंट की चपेट में आई महिला, हालत खतरे से बाहर
अमरपुर प्रखंड के महादेवपुर पंचायत अंतर्गत गोपालपुर गांव में शनिवार की सुबह वट सावित्री पूजा के दौरान एक महिला विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आकर मुर्छित हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। परिजनों की तत्परता से महिला की जान बच सकी।
जानकारी के अनुसार गोपालपुर गांव निवासी अंजु देवी गांव के समीप स्थित बरगद के पेड़ के पास वट सावित्री पूजा करने गई थीं। पूजा के दौरान वहां पहले से गिरे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। महिला की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने तुरंत बिजली तार को काटकर महिला को अलग किया और इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अमीत कुमार शर्मा ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। महिला के पति सत्यम यादव ने बताया कि समय रहते ग्रामीणों और परिजनों की मदद मिलने से बड़ा हादसा टल गया। चिकित्सक ने बताया कि महिला की स्थिति अब खतरे से बाहर है। घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव में जर्जर एवं खुले विद्युत तारों को दुरुस्त कराने की मांग विभाग से की है।
.png)


