प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
धोरैया-असरगंज फोरलेन परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, भरको में सड़क सर्वे से बढ़ी उम्मीदें
650 करोड़ की लागत से बनेगी 58 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क, बांका-भागलपुर-मुंगेर के आवागमन को मिलेगा नया आयाम
बांका जिले में प्रस्तावित धोरैया से असरगंज भाया इंग्लिशमोड़ चौक एवं शंभूगंज फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बीएसआरडीसी) की टीम ने अमरपुर थाना क्षेत्र के भरको गांव के समीप सड़क का विस्तृत सर्वे किया। सर्वे के दौरान सड़क के सेंटर लाइन से दोनों ओर आठ-आठ मीटर तक मापी की गई।
निर्माण कार्य बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन की निगरानी में होगा, जबकि इसका ठेका शिवालया कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया है। सड़क असरगंज से शुरू होकर शंभूगंज बाजार, इंग्लिशमोड़ एवं अमरपुर होते हुए धोरैया तक पहुंचेगी।
परियोजना को लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। बांका जिला प्रशासन द्वारा जमीन का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। वहीं शंभूगंज बाजार और इंग्लिशमोड़ जैसे व्यस्त इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
स्थानीय लोगों का मानना है कि फोरलेन सड़क बनने से बांका, भागलपुर और मुंगेर जिलों के बीच आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को नया बढ़ावा मिलेगा। साथ ही झारखंड के देवघर तक संपर्क भी पहले से अधिक सुगम हो जाएगा।
.png)




