सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
जमीन और रास्ते के विवाद में महिला पर हमला, घर में घुसकर मारपीट का आरोप
शंभूगंज थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद परिजनों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले को लेकर पीड़िता ने शंभूगंज थाना में लिखित शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मानिकपुर गांव निवासी लक्ष्मी देवी, पति मास्टर यादव ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीन और रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर आरोपित पक्ष के लोग उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडे एवं दांत से हमला कर उनके साथ मारपीट की गई। हमले में लक्ष्मी देवी का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद परिजन घायल अवस्था में लक्ष्मी देवी को लेकर शंभूगंज थाना पहुंचे। थाना में मौजूद पुलिस पदाधिकारी ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पीड़िता ने गांव के ही योगेंद्र यादव, राम जान यादव, राहुल यादव सहित चार लोगों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता ने आरोप लगाया कि दबंगों ने घर में घुसकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार जमीन और रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है।
वहीं आरोपित पक्ष ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। इधर शंभूगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.png)



