सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
धूमधाम से शुरू हुआ पौकरी पंचायत लीग 2026, उद्घाटन मुकाबले में पौकरी की शानदार जीत
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के पौकरी पंचायत में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट PPL (पौकरी पंचायत लीग 2026) का शुभारंभ बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। इस टूर्नामेंट का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता सोनू सिंह के नेतृत्व में किया गया है। उद्घाटन समारोह ITI मोहनपुर सहौड़ा के खेल मैदान में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि के रूप में शंभूगंज पश्चिमी के जिला पार्षद श्री प्रीतम साह ने फीता काटकर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के अवसर पर स्थानीय खेल प्रेमियों की भारी भीड़ उमड़ी और खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पहला मुकाबला पौकरी और बसबिट्टा टीम के बीच खेला गया, जो रोमांचक होने के साथ-साथ एकतरफा भी साबित हुआ। टॉस जीतकर बसबिट्टा की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पौकरी की टीम ने आक्रामक शुरुआत की और निर्धारित 12 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। पौकरी के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बसबिट्टा की टीम पौकरी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 89 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। इस तरह पौकरी टीम ने उद्घाटन मुकाबले में बड़ी जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। मैन ऑफ द मैच का खिताब पौकरी के ऑलराउंडर खिलाड़ी आशुतोष को दिया गया, जिन्होंने 38 रनों की शानदार पारी खेलने के साथ-साथ 3 महत्वपूर्ण विकेट भी झटके।
मैच के संचालन में अंपायर के रूप में भोलू और ऋषभ ने अपनी भूमिका निभाई, जबकि स्कोरर सागर और कमेंटेटर गणेश ने मैच को और भी रोचक बनाया। इस सफल आयोजन ने क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ युवाओं में खेल के प्रति उत्साह को भी बढ़ावा दिया है।
.png)



