सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
सीएम के संभावित दौरे से पहले तिलडीहा दुर्गा मंदिर में सफाई अभियान तेज, प्रशासन अलर्ट
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के हरिवंशपुर स्थित तिलडीहा दुर्गा मंदिर में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 26 अप्रैल को संभावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
प्रखंड विकास पदाधिकारी नीतीश कुमार के निर्देश पर स्वच्छता कर्मियों की टीम लगातार मंदिर परिसर, सर्किट हाउस और आसपास के इलाकों में सफाई कार्य में जुटी हुई है। मंदिर के आसपास लगे अस्थायी दुकानों को हटाकर परिसर को खाली कराया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं और प्रशासनिक गतिविधियों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस अभियान के तहत छत्रहार पंचायत के सभी स्वच्छता कर्मियों के साथ-साथ रामचुआ, बैदपुर और चुटिया बिलारी पंचायत के स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं कर्मियों को भी लगाया गया है। सभी टीमें मिलकर मंदिर परिसर, पहुंच मार्ग और आसपास के सार्वजनिक स्थलों की सफाई सुनिश्चित कर रही हैं। प्रशासन का मुख्य फोकस स्वच्छता, व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर है।
सफाई कार्य का निरीक्षण करने डीआरडीए निदेशक श्रीनिवासन एवं बीडीओ नीतीश कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं।
इस दौरान प्रखंड स्तर के कई पदाधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। इनमें प्रखंड समन्वयक मनीष कुमार दुबे, कार्यपालक सहायक सुमन कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक अभिनेश भगत, तपन कुमार, सनोज कुमार, मिथिलेश कुमार, रंजीत कुमार, नीरज कुमार, लक्ष्मीकांत यादव और रमेश कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल थे।
प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम सफल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
.png)





