सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
पटना में मजदूरी करने गए युवक की संदिग्ध मौत, शव लेकर पहुंचे युवक के फरार होने से सनसनी
शंभूगंज थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब 20 वर्षीय युवक अक्षय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसका शव गांव लाया गया। मृतक के परिजनों ने इस पूरे मामले में हत्या की आशंका जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, पड़रिया गांव निवासी अक्षय कुमार, पिता कारू ठाकुर, को गांव के ही गौरव कुमार (पिता कैलाश मंडल) मजदूरी कराने के लिए करीब एक महीने पहले पटना लेकर गए थे। बताया जा रहा है कि पटना में काम के दौरान ही अक्षय कुमार की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि इस घटना की कोई सूचना परिजनों को पहले नहीं दी गई।
परिजनों के अनुसार, अचानक गौरव कुमार मृतक का शव लेकर गांव पहुंचा। शव को वाहन से नीचे उतारने के बाद उसने मृतक का बैग भी वहीं रख दिया और बिना कुछ बताए मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि अक्षय कुमार की हत्या कर शव को गांव पहुंचाया गया है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जब गौरव कुमार से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उसका मोबाइल बंद मिला और उससे कोई संपर्क नहीं हो सका।
मृतक अक्षय कुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और परिवार की आर्थिक स्थिति भी सामान्य बताई जा रही है। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इस मामले को लेकर आक्रोशित भी हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।
.png)


