ब्रेकिंग न्यूज : पुलिस ने चोरी कांड का किया खुलासा तीन गिरफ्तार डेढ़ लाख का आभूषण बरामद
April 05, 2026
कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
तकनीकी जांच और CCTV से खुला चोरी का बड़ा राज, तीन गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद
भागलपुर में पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इशाकचक थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस की इस उपलब्धि से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 जनवरी 2026 को इशाकचक थाना में बबली कुमारी द्वारा अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। साक्ष्यों के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने लगातार प्रयास करते हुए मामले का खुलासा कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों नीतीश कुमार मंडल और संजय कुमार यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी के जेवर खरीदने वाले व्यवसायी दिनेश प्रसाद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाख 50 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, हनुमानी, नोजपिन, नथ, कानबाली तथा चांदी के पायल सहित कई कीमती आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान की पहचान कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
इस संबंध में सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
.png)