जमीन घोटाले में निगरानी के हत्थे चढ़ा पेशकार को भागलपुर निगरानी कोर्ट में किया पेश
April 05, 2026
कुणाल शेखर APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर,भागलपुर
घूसखोरी पर निगरानी का शिकंजा: 1.70 लाख लेते पेशकार गिरफ्तार, दो अन्य भी दबोचे गए भागलपुर निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनी फैला दी है। इनमें एक आरोपी मुंगेर से और दो बेगूसराय जिले से पकड़े गए हैं। सभी आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भागलपुर लाया गया, जहां उन्हें निगरानी कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मामला बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल अंचल अंतर्गत पंचवीर पंचायत की सरकारी जमीन से जुड़ा है। आरोप है कि इस जमीन को बचाने के नाम पर भारी रिश्वत की मांग की जा रही थी।
निगरानी टीम ने मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय में तैनात पेशकार मुकेश कुमार को 1 लाख 70 हजार रुपये घूस लेते हुए उसके कार्यालय कक्ष से रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, पंचवीर पंचायत के पूर्व मुखिया नंदकिशोर प्रसाद ने करीब तीन कट्ठा चार धुर जमीन के मामले को प्रमंडलीय आयुक्त न्यायालय में चुनौती दी थी। इस जमीन की कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपये आंकी गई है।
आरोप है कि फर्जी कागजात के आधार पर जमीन का दाखिल-खारिज मु. जावेद व अन्य के नाम कर दिया गया था।
वादी का आरोप है कि पेशकार मुकेश कुमार ने मामले में पक्ष में फैसला कराने के लिए पांच लाख रुपये की मांग की थी। ग्रामीणों से चंदा जुटाकर पहले ही तीन लाख रुपये दिए जा चुके थे। शेष राशि देते समय निगरानी विभाग ने जाल बिछाकर आरोपी को धर दबोचा।
इस कार्रवाई का नेतृत्व निगरानी डीएसपी पवन कुमार ने किया। मामले में पहले ही पटना निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके सत्यापन के बाद यह सफल कार्रवाई की गई।
.png)


