सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
छत पर बकरी चढ़ने का विरोध पड़ा भारी, महिला से मारपीट का आरोप
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के सहदेवपुर गांव में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब महिला ने पड़ोसी की बकरी के बार-बार अपने छत पर चढ़ने का विरोध किया। पीड़िता सुधा देवी, पति अमरजीत मंडल, ने इस संबंध में शंभूगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार, गांव के मनोज चौहान की बकरी अक्सर खुली रहती है और उनके घर की छत पर चली जाती है, जिससे नुकसान होता है। कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। शनिवार को जब सुधा देवी ने एक बार फिर इसका विरोध किया, तो मनोज चौहान समेत सौरभ कुमार, ललन कुमार और एक अन्य व्यक्ति ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट भी की।
घटना के बाद पीड़िता थाना पहुंची और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने आरोप लगाया कि दबंग प्रवृत्ति के लोग होने के कारण आरोपी अक्सर धमकी भी देते हैं। वहीं, आरोपित पक्ष ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा है कि उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है।
इस संबंध में शंभूगंज थाना के पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे-छोटे विवाद अब हिंसक रूप ले रहे हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
.png)



