सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
हैनिमैन जयंती पर शंभूगंज में मुफ्त होम्योपैथी शिविर, 500 लोगों को मिली चेचक रोधी दवा
प्रख्यात होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के जनक डॉ. हैनिमैन की जयंती के अवसर पर शंभूगंज बाजार स्थित डॉ. जेपी आवास परिसर में नि:शुल्क चेचक रोधी होम्योपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और करीब 500 जरूरतमंदों को मुफ्त में चेचक से बचाव की दवा वितरित की गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. विजय कुमार, डॉ. घनश्याम शर्मा सहित अन्य चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार ने कहा कि होम्योपैथी में दी जाने वाली चेचक रोधी दवा प्रभावी और सुरक्षित है, जिसका कोई दुष्प्रभाव नहीं होता है। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी के दौरान स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने लोगों को सलाह दी कि गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक तरल पदार्थों का सेवन करें, जैसे पानी, शरबत और नारियल पानी। इसके अलावा खीरा, तरबूज, ककड़ी जैसे मौसमी फलों को आहार में शामिल करने और शरीर की नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया। शिविर में पहुंचे लोगों ने मुफ्त दवा और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया और चिकित्सकों के इस प्रयास की सराहना की गई।
मौके पर डॉ. चिन्मय सेन गुप्ता, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. आनंद सहित कई अन्य होम्योपैथी चिकित्सक उपस्थित रहे और शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस प्रकार का आयोजन क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और लोगों को सुलभ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।
.png)



