प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
जर्जर पुलिया और सड़कें बनीं जानलेवा, हादसे का खतरा बढ़ा
अमरपुर प्रखंड में सड़कों और पुल-पुलियों की बदहाल स्थिति अब लोगों के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। ताजा मामला अमरपुर-शाहकुंड मुख्य पथ (SH-25) पर संग्रामपुर गांव के समीप स्थित पुलिया का है, जो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया का सरिया बाहर निकल आया है और इसकी मजबूती लगभग खत्म हो चुकी है, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
हैरानी की बात यह है कि इतनी जर्जर स्थिति के बावजूद इस मार्ग पर यातायात लगातार जारी है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस सड़क से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। यह मार्ग अमरपुर को शाहकुंड, असरगंज, मुंगेर और भागलपुर जैसे महत्वपूर्ण शहरों से जोड़ता है, इसलिए इसकी खराब स्थिति का असर क्षेत्रीय आवागमन और आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संग्रामपुर पुलिया लंबे समय से जर्जर थी, लेकिन समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। अब स्थिति यह है कि खासकर रात और बरसात के समय इस पुलिया से गुजरना बेहद खतरनाक हो गया है।
केवल यही पुलिया नहीं, बल्कि प्रखंड के कई अन्य मार्ग भी बदहाल हैं। इंगलिशमोड़-शंभुगंज मुख्य पथ पर शाहपुर चौक के पास सड़क और पुलिया क्षतिग्रस्त हैं, वहीं इंगलिशमोड़-पुनसिया मार्ग पर मादाचक, सिमरपुर और जैठोर पुल जर्जर अवस्था में हैं। जैठोर पुल की हालत सबसे चिंताजनक बताई जा रही है, जहां पुल का एक हिस्सा पूरी तरह टूट चुका है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों में इस स्थिति को लेकर भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की गई, जिसके कारण करोड़ों की लागत से बने पुल और सड़कें कुछ ही वर्षों में खराब हो गए। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत, गुणवत्ता जांच और दोषी संवेदकों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।
.png)




