कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
तेज रफ्तार का कहर: बाबा विशुराउत पुल पर भीषण हादसा, तीन की मौत, छह घायल
भागलपुर-नवगछिया के बाबा विशुराउत पुल पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से पिकअप (407) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार सभी मजदूर सड़क पर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों, डायल 112 की टीम और पुलिस के सहयोग से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने कारी देवी (70), संजो देवी (62) और पांचु चौधरी (65) को मृत घोषित कर दिया। पांचु चौधरी की मौत इलाज के दौरान भागलपुर के मायागंज अस्पताल में हुई। मृतक सभी नवगछिया थाना क्षेत्र के मिल्की गौशाला गांव के निवासी थे।
घटना के बाद मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कारी देवी अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री छोड़ गई हैं, जबकि संजो देवी के पांच पुत्र हैं, जो मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे में घायल पांचो चौधरी, फुदनी चौधरी, मनोज यादव, शोभा देवी, चंपा देवी और बेचनी देवी का प्राथमिक उपचार नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में किया गया, जहां से गंभीर घायलों को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।
परिजनों के अनुसार सभी लोग पटना जिले के बाढ़ क्षेत्र से मजदूरी कर लौट रहे थे। जीरोमाइल की ओर बढ़ते समय पुल पर यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही एसआई महेश कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और फरार अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा है।
.png)



