विपिन कुमार सिंह APP डेस्क रिपोर्ट, अमरपुर
बांका जिले के अमरपुर के राजकीय मध्य विद्यालय विशंभरचक में गुरुवार को दीक्षांत सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया साथ ही गणित ओलंपियाड में स्टेट टॉपर छात्रा को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आरडीडीई अहसन एवं पंचायत की मुखिया अर्चना देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया अर्चना देवी ने की जबकि संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक संजय कुमार ने किया। स्कूल के प्रधानाचार्य जितेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि उनके स्कूल की छात्रा नव्या कुमारी ने गणित ओलंपियाड वर्ग 6-8 में बालिका वर्ग में पूरे राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अधिकारियों ने स्टेट टॉपर छात्रा को बुके एवं कलाई घड़ी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा आठवीं कक्षा में सफल हुए 74 छात्र छात्राओं को स्थानांतरण प्रमाण पत्र देकर उन्हें विदाई दी गई। इस मौके पर आरडीडीई ने अपने संबोधन में कहा कि छोटे से गांव की छात्रा ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई है। इसके लिए स्कूल के सभी शिक्षक बधाई के पात्र हैं।
मुखिया अर्चना देवी ने कहा कि पंचायत की नहीं बल्कि उनके गांव की छोटी बच्ची नव्या कुमारी ने गांव एवं स्कूल का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है। उन्होंने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी शिक्षा यदि हर स्कूल में मिले तो इस क्षेत्र की प्रतिभा में और निखार आएगा।
इस अवसर पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें स्वीटी कुमारी ने बाजी मारी, उसे मेडल एवं प्रशस्ति पत्र दिया गया। जबकि आरडीडीई ने मासिक पत्रिका ' आरंभ " का विमोचन किया। इस मौके पर शिक्षक मनोज कुमार दूबे, श्याम जी मौर्य, उमेश कुमार आदि उपस्थित रहे।

