सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
एम्बुलेंस चोरी कांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार: तारापुर से धराया आरोपी, वाहन बरामदगी को पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व खेसर मोड़ से चोरी हुई एंबुलेंस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज चोरी कांड के मास्टरमाइंड को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। शंभूगंज पुलिस ने उसे मुंगेर जिले के तारापुर बाजार से मंगलवार की देर शाम दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद आसिफ, पिता मोहम्मद शमशाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, एंबुलेंस चोरी की पूरी साजिश इसी ने रची थी और गिरोह का संचालन कर रहा था। इससे पहले इस मामले में पुलिस ने शंभूगंज थाना क्षेत्र के मालदी गांव निवासी प्रिंस कुमार और मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के रतन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपियों की निशानदेही पर असरगंज स्थित चमड़ा गोदाम के पास से चोरी हुई एंबुलेंस के कई महत्वपूर्ण पार्ट्स, जैसे ऑक्सीजन सिलेंडर, हीटर सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए थे। हालांकि उस समय मास्टरमाइंड मोहम्मद आसिफ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
इसी बीच पुलिस ने लगातार तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी। गुप्त सूचना मिलने के बाद शंभूगंज पुलिस ने मुंगेर के तारापुर बाजार में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और एंबुलेंस के ठिकाने के बारे में जानकारी जुटा रही है।
शंभूगंज थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही चोरी गई एंबुलेंस को भी बरामद कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि एंबुलेंस जैसी जरूरी सेवा से जुड़े वाहन की चोरी ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया था। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में कुछ हद तक संतोष जरूर है, लेकिन अब सबकी नजरें चोरी गई एंबुलेंस की बरामदगी पर टिकी हैं। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा हो जाएगा।
.png)





