सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
पुलिस दबाव में कुख्यात नक्सली का सरेंडर, मुख्यधारा में लौटने की कही बात
बांका जिले के सुइया थाना क्षेत्र में पुलिस के लगातार बढ़ते दबाव और विशेष अभियान के चलते एक कुख्यात फरार नक्सली ने आत्मसमर्पण कर दिया। कटोरिया थाना क्षेत्र के मौथाबारी गांव निवासी शंकर यादव ने 23-24 अप्रैल 2026 के बीच सुइया थाना पहुंचकर थानाध्यक्ष कन्हैया झा के समक्ष सरेंडर किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंकर यादव लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था और पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसके खिलाफ वर्ष 2014 में फुल्लीडुमर क्षेत्र में मोबाइल टावर जलाने का गंभीर मामला दर्ज है। इसके अलावा शंभूगंज थाना क्षेत्र में भी वह एक मामले में नामजद अभियुक्त रहा है।
पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान का असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है। लगातार दबाव और सघन छापेमारी के कारण शंकर यादव ने अंततः आत्मसमर्पण का रास्ता चुना। सरेंडर के बाद उसने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की बात कही है।
थानाध्यक्ष कन्हैया झा ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली से पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके नेटवर्क और अन्य गतिविधियों की जानकारी मिल सके। पुलिस इस सरेंडर को बड़ी सफलता मान रही है और इससे क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है। पुलिस का मानना है कि इस तरह के आत्मसमर्पण से क्षेत्र में शांति व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अन्य नक्सलियों पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
.png)




