सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
अंतरराज्यीय अपराधी प्रकाश पासवान गिरफ्तार, हथियार बरामद
बांका पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय अपराधी प्रकाश पासवान (50 वर्ष) को देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बौंसी थाना क्षेत्र के मरसा गांव का निवासी बताया गया है और वह बाराहाट थाना कांड संख्या 232/25 का प्राथमिक अभियुक्त है, जिसकी लंबे समय से पुलिस को तलाश थी।
एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मरसा गांव में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सशस्त्र बल की तत्परता से उसे घेरकर पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपने घर में हथियार छिपाकर रखने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के दक्षिणी कमरे में छानबीन की, जहां अनाज के बोरे के नीचे से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रकाश पासवान के खिलाफ बिहार के बाराहाट थाना के अलावा झारखंड के पथरगामा (गोड्डा), हंसडीह्य, दुमका नगर और तालझारी थानों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस संयुक्त अभियान में बौंसी थानाध्यक्ष पंकज कुमार झा, बाराहाट थाना पुलिस, डीआईयू टीम बांका और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
.png)




