प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
मां दक्षिणेश्वर काली मंदिर से विशाल घंटा चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
अमरपुर प्रखंड के फतेहपुर गांव के समीप स्थित सुप्रसिद्ध मां दक्षिणेश्वर काली मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अज्ञात चोर मंदिर परिसर में लगा पीतल का विशाल घंटा चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह जब कुछ श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार पर लगा विशाल घंटा गायब है। यह देख श्रद्धालु स्तब्ध रह गए और देखते ही देखते यह खबर आसपास के गांवों में फैल गई। थोड़ी ही देर में मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर समिति के अध्यक्ष दिलीप मंडल अन्य सदस्यों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच करते हुए अमरपुर थाना को सूचना दी। अध्यक्ष दिलीप मंडल ने बताया कि हाल के दिनों में नशे की लत के कारण कुछ युवा चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब चोर मंदिर जैसे पवित्र स्थल को भी नहीं छोड़ रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।
ग्रामीणों और मंदिर समिति ने प्रशासन से मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि पिछले माह भी सलेमपुर पंचायत के विश्वम्भरचक गांव स्थित बाबा सोनमन नाथ महादेव मंदिर से पीतल का घंटा और कलश चोरी हो चुका है, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
इधर, पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द ही चोरी का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
.png)




