प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
मानसिक तनाव बना मौत का कारण, सल्फास खाकर युवक की गई जान
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के भरको पंचायत अंतर्गत बाजा गांव निवासी 37 वर्षीय प्रदीप कुमार दास की मंगलवार दोपहर सल्फास खाने से मौत हो गई। वह अजीत कुमार दास के पुत्र थे और भागलपुर के नाथनगर में निजी वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। जानकारी के अनुसार, प्रदीप हर 10 से 15 दिनों में अपने गांव बाजा आया करते थे।
परिजनों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से वह मानसिक तनाव में रह रहे थे। मंगलवार को भागलपुर से गांव लौटने के दौरान इंग्लिश गांव के समीप उन्होंने जहरीला पदार्थ सल्फास खा लिया। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर उन्हें तत्काल अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. अमित कुमार शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान ही दोपहर में उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी, मां और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, प्रदीप अपने तीन पुत्रियों और एक पुत्र के बेहतर भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत करते थे।
घटना से पूरा गांव स्तब्ध है। आखिर किस वजह से उन्होंने यह कदम उठाया, यह अब भी रहस्य बना हुआ है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
.png)



